36वें स्थापना दिवस पर वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता सम्मानित, सत्य और जिम्मेदार पत्रकारिता के संकल्प को मिला सम्मान
रायपुर/भिलाई। दैनिक आज की जनधारा के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को रायपुर के बेबीलॉन कैपिटल होटल में आयोजित गरिमामय समारोह में मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता को सम्मानित किया गया।
समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, गायक, गीतकार एवं रंगकर्मी पीयूष मिश्रा तथा दैनिक आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा के करकमलों से रमेश गुप्ता ने सम्मान प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान और लंबे समय से किए जा रहे कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का पुनः स्मरण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज के सामने तथ्यों को जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ रखना है।
उन्होंने कहा कि शब्दों की अपनी कोई शक्ति नहीं होती, जब तक उन्हें सत्य का साहस न मिले। यह सम्मान उनके लिए इसी साहस और जिम्मेदारी को आगे भी बनाए रखने का संकल्प है। उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करते रहने तथा समाज और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
दैनिक आज की जनधारा के 36वें स्थापना दिवस समारोह में पत्रकारिता और मीडिया जगत से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की उपस्थिति रही। समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारियों तथा बदलते दौर में पत्रकारिता की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
वरिष्ठ पत्रकार रमेश गुप्ता को मिले इस सम्मान के बाद पत्रकारिता जगत से जुड़े सहयोगियों, शुभचिंतकों और उनके परिचितों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान उनके पत्रकारिता जीवन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।