दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत दुर्ग रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक अत्यंत दुखद एवं दर्दनाक हादसा घटित हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर 6 के समीप ड्यूटी के दौरान एक रेलवे कर्मचारी मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

रेलवे अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान श्री अजय कुमार के रूप में हुई है, जो दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 (ट्रेन लाइटिंग स्टाफ) के पद पर पदस्थ थे। श्री अजय कुमार रविवार सुबह 6:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे की पाली में ड्यूटी पर तैनात थे।



यह हादसा सुबह लगभग 9:00 बजे किलोमीटर संख्या 865/27 (रायपुर एंड) के पास हुआ, जब एक खाली मालगाड़ी (N/BOX EMPTY) उस ट्रैक से गुजर रही थी। इसी दौरान श्री अजय कुमार दुर्भाग्यवश मालगाड़ी की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, दुर्ग द्वारा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को अवगत कराया गया। RPF के स्टाफ, जीआरपी दुर्ग तथा स्थानीय रेलवे कर्मचारियों द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए सुबह लगभग 9:50 बजे शव को ट्रैक से हटाकर मर्चुरी भेजा गया।

रेलवे प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है। इस दुखद घटना से रेलवे विभाग में शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतक कर्मचारी के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।







































