कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: दुल्हन को लेकर लौट रही कार पलटी, मासूम बच्ची की मौत, कई घायल
कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जिसने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रहा एक चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार कई अन्य लोग घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब वाहन ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द गांव की ओर लौट रहा था। डबरीपारा मोड़ के पास चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया, जिसके चलते वाहन अचानक पलट गया। बताया जा रहा है कि वाहन में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
दर्री सीएसपी भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की आवश्यकता को उजागर करता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे विशेषकर रात्रि के समय सावधानीपूर्वक एवं नियंत्रित गति में वाहन चलाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।