भिलाई में अपने ही घर से 12 लाख के सोने के जेवर चोरी करने वाली युवती गिरफ्तार, 7 तोला सोना बरामद
भिलाई। भिलाई भट्ठी थाना पुलिस ने अपने ही घर से सोने के जेवर चोरी करने के मामले में एक युवती को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से करीब 7 तोला सोना, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया है। आरोपी युवती को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी द्वारा 2 जनवरी को भिलाई भट्ठी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसके घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी हो गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घर के आसपास और आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई, लेकिन किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के साक्ष्य नहीं मिले।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने घर के सदस्यों से पूछताछ की, जिसमें प्रार्थी की बेटी एम. श्यामला पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। आरोपिया ने बताया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घर से सोने के जेवर चोरी किए थे।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद कुछ सोने के जेवर एक वित्तीय कंपनी में गिरवी रखकर नकद राशि ली गई थी, जबकि शेष जेवर उसने अपने पास ही रखे थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपिया के कब्जे से 7 तोला सोना बरामद कर लिया है।
भिलाई भट्ठी पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी।