पुलिस के हाथ लंबे लेकिन रसूखदारों तक पहुंच कर भी नहीं पकड़ पा रहे : मुकेश चंद्राकर
भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्राकर ने पुलिसिया कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए
महादेव एप, अफीम की खेती और विधायक की जान को खतरा मामले के पीछे बड़े लोग
भिलाई नगर। भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने प्रदेश की पुलिसिया कार्यप्रणाली पर कई प्रश्न उठाए हैं। एक तरफ उन्होंने रोजाना छूटभइये अपराधियों की धर पकड़ करने के लिए पुलिस प्रशासन की प्रशंसा की है वहीं दूसरी तरफ सवाल खड़े किए हैं कि पुलिस के हाथ रसूलदारों तक पहुंच कर भी उन्हें क्यों नहीं पकड़ पा रहे ? महादेव एप, सट्टा एवं अन्य अपराधों में रोज अपराधी पकड़ा रहे हैं लेकिन रसूखदार मजे में हैं।
प्रदेश में चल रहे महादेव एप, अफीम की खेती और वैशाली नगर विधायक की जान को खतरा जैसे मामलों का जिक्र करते हुए श्री चंद्राकर ने कहा है कि इन मामलों में पुलिस रोजाना छोटे अपराधियों को पकड़ रही है। लेकिन इन मामलों के पीछे छिपे बड़े लोगों तक पहुंच जाने के बावजूद पुलिस उन पर हाथ नहीं डाल रही।
श्री चंद्राकर का कहना है कि आखिरकार पुलिस प्रशासन पर किन लोगों का दबाव है ? महादेव एप का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी पुलिस दुबई तक एप चलाने वाले सौरभ चंद्राकर के नजदीक पहुंच तो गई लेकिन उसकी गर्दन नहीं पकड़ सकी। इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम को घसीटा गया लेकिन अब पुलिस शांत बैठ गई है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि अफीम की खेती के मामले रोज अखबारों की सुर्खियों में है लेकिन इन मामलों में पुलिस छोटे लोगों को ही पकड़ रही है और जेल में ठूस रही है आखिर इन लोगों के पीछे किनका हाथ है ? बिना शासन प्रशासन के लोगों के सहयोग के प्रदेश में अफीम की खेती कर पाना असंभव है।
"विधायक की जान को खतरा" मामले को
पुलिस ने ठंडे बस्ते में डाला
श्री चंद्राकर ने कहा कि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रिकेश सेन के अपनी हत्या किए जाने की साजिश को सार्वजनिक किया था लेकिन इस मामले को भी पुलिस ने ठंडे बस्ते में डाल दिया है। विधायक ने बाकायदा मुख्यमंत्री से मिलकर इस साजिश से संबंधित फाइल सौंपी थी बावजूद अभी तक पुलिस ने क्या किया इसकी कोई जानकारी नहीं है। विधायक ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि वह इस साजिश के पीछे सफेद लोगों का नाम उजागर करेंगे लेकिन वह चुप रह गए। इसी तरह पुलिस प्रशासन भी अब तक इस मामले को सुलझा नहीं पाई है या फिर उस पर किसी का दबाव है कि वह इस मामले में चुप्पी रखे।
श्री चंद्राकर का कहना है कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है इसके बावजूद समझ से परे है कि अपराधों में लिप्त बड़े रसूखदार क्यों नहीं पकड़े जा रहे ? ऐसा नहीं है कि इन रसूखदारों के बारे में पुलिस को जानकारी नहीं है, बस उन्हें इंतजार है प्रदेश सरकार के आदेश का। यदि यह रसूखदार पकड़े जाते हैं और इन सभी मामलों के पीछे किन लोगों के चेहरे हैं उनकी असलियत सामने आती है तो पूरे प्रदेश में हड़कंप बच जाएगा।
श्री चंद्राकर का कहना है कि इन मामलों का खुलासा जिस दिन भी होगा शासन प्रशासन में बैठे बड़े बड़े लोगों के चेहरे उजागर होंगे और प्रदेश की सरकार यह नहीं चाहती। इसलिए इन सभी मामलों को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। कभी-कभी दिखावे के लिए छुटपुट कार्रवाई कर दी जाती है ताकि जनमानस का ध्यान बड़े मामलों से हट जाए।