दुर्ग। जिले के धमधा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। स्वामी आत्मानंद स्कूल और कलश मंदिर के बीच तेज रफ्तार मिनी बस ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा 24 मार्च की देर शाम हुआ। गिरहोला निवासी हरिश्चंद यादव अपने भतीजे की बारात में शामिल होने धमधा आया हुआ था। बारात कार्यक्रम के बाद वह अपने भाई के साले भोला यादव के साथ बाइक से धमधा में एक परिचित के घर जा रहा था। इसी दौरान धमधा से खैरागढ़ की ओर जा रही तेज रफ्तार मिनी बस ने कलश मंदिर के पास सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
धमधा थाना प्रभारी रामनारायण ध्रुव ने बताया कि मिनी बस और बाइक की दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मिनी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।