दुर्ग। थाना जामुल क्षेत्र अंतर्गत सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2, नालंदा स्कूल के पीछे स्थित एक किराए के मकान में संचालित संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹1,00,000 नगद, 16 मोबाइल फोन, 01 लैपटॉप, 07 बैंक पासबुक, 15 एटीएम कार्ड, वाई-फाई उपकरण, लेन-देन रजिस्टर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जप्त की गई है।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना जामुल क्षेत्र में एक किराए के मकान से संगठित रूप से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी गई, जहां आरोपी मोबाइल एवं लैपटॉप के माध्यम से ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल एवं रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम एवं व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर उन्हें आईडी उपलब्ध कराते थे तथा विभिन्न सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों के जरिए अवैध लेन-देन को छिपाने का प्रयास किया जाता था। गिरोह में कार्यों का स्पष्ट विभाजन था और तकनीकी रूप से बाहरी व्यक्तियों द्वारा भी संचालन नियंत्रित किया जा रहा था।
प्रकरण में थाना जामुल में अपराध क्रमांक 185/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में प्रतिदिन लगभग ₹3 लाख से ₹7 लाख तक के लेन-देन एवं करोड़ों रुपये के अवैध कारोबार का संचालन होना पाया गया है।
घटनास्थल
सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2, नालंदा स्कूल के पीछे, थाना जामुल, जिला दुर्ग
गिरफ्तार आरोपी
पोषण निषाद (26 वर्ष), निवासी अंजोरा
योगेश कुमार विश्वकर्मा (22 वर्ष), निवासी जलेबी चौक, थाना छावनी
गौरव तिवारी (26 वर्ष), निवासी कबीर नगर, रायपुर
संजय कुमार जायसवाल (26 वर्ष), निवासी कैम्प-1 जलेबी चौक
चुनेश निषाद (20 वर्ष), निवासी श्याम नगर, थाना छावनी
विक्रम सिंह उर्फ विक्की (30 वर्ष), निवासी न्यू बसंत टॉकीज के पास, थाना छावनी
उदल हमणे (19 वर्ष), निवासी न्यू बसंत टॉकीज के पास, थाना छावनी
जप्त सामग्री
₹1,00,000 नगद
07 बैंक पासबुक
16 मोबाइल फोन
15 एटीएम कार्ड
01 लैपटॉप
वाई-फाई उपकरण
लेन-देन संबंधी रजिस्टर
01 पासपोर्ट
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्यवाही में थाना जामुल पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण एवं त्वरित कार्रवाई करते हुए संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि ऑनलाइन सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।