भिलाई में तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले THAR चालक पर कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना भिलाई नगर पुलिस ने खतरनाक तरीके से कार चलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 मार्च 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि सेक्टर भिलाई स्थित हॉस्पिटल सी-3 ग्राउंड, सड़क क्रमांक 15 के पास एक थार चालक द्वारा वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए खतरनाक ढंग से कट मारा गया, जिससे सड़क पर दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 146/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान वैभव सोनी (20 वर्ष), निवासी जयंती नगर, मोहन नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार क्रमांक CG 04 PR 8910 को जप्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य कारण तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन पाया गया है। प्रकरण में आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।