दुर्ग में 55 फीट गहरी पत्थर खदान बनी मौत का कुंड, नहाने उतरे 37 वर्षीय युवक की डूबने से मौत; 2 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम खोपली में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम खोपली के नहर पारा स्थित पत्थर खदान में नहाने के दौरान 37 वर्षीय युवक प्रेम प्रकाश गहरे पानी में डूब गया। खदान में पानी की गहराई करीब 55 फीट बताई गई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक का शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खोपली निवासी प्रेम प्रकाश सोमवार शाम पत्थर खदान में नहाने के लिए पहुंचा था। वह खदान के पानी में उतरकर नहा रहा था। इसी दौरान वह अचानक खदान के गहरे हिस्से में चला गया। पानी की अधिक गहराई के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस और जिला कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम को किया गया रवाना
घटना की सूचना सोमवार शाम करीब 4 बजे जिला कंट्रोल रूम दुर्ग को मिली। इसके बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने खदान में युवक की तलाश शुरू की। खदान में करीब 55 फीट गहरा पानी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने गहरे पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की।
करीब दो घंटे बाद मिला शव
एसडीआरएफ के गोताखोरों ने लगातार करीब दो घंटे तक खदान के पानी में तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब 6 बजे युवक का शव बरामद कर लिया गया। गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी पहचान ग्राम खोपली निवासी प्रेम प्रकाश के रूप में हुई।
पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद शव को मौके पर मौजूद उतई थाना क्षेत्र की मचांदुर चौकी पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई और मर्ग जांच सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे के बाद ग्राम खोपली में शोक का माहौल है। नहाने के लिए खदान में उतरे युवक की गहरे पानी में डूबने से हुई मौत ने परिवार और ग्रामीणों को झकझोर दिया है। घटना ने पत्थर खदानों में जमा गहरे पानी के खतरे को भी एक बार फिर सामने ला दिया है। ऐसी खदानों में बिना सुरक्षा इंतजाम और गहराई की जानकारी के पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।