सुपेला चौक की यातायात समस्या को लेकर कन्हैया सोनी ने उठाई आवाज, SSP विजय अग्रवाल को सौंपा ज्ञापन; बस स्टैंड और ऑटो स्टॉप की मांग
भिलाई। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहों में शामिल सुपेला चौक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम लोगों को राहत दिलाने की मांग को लेकर जनहित संघर्ष समिति ने पहल की है। समिति के संरक्षक कन्हैया सोनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर सुपेला चौक में व्यवस्थित बस स्टैंड एवं ऑटो स्टॉप बनाए जाने की मांग रखी।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सुपेला चौक से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रायपुर सहित आसपास के क्षेत्रों की ओर आवागमन करते हैं। यात्रियों के लिए निर्धारित बस स्टॉप और ऑटो स्टॉप की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें सड़क किनारे वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। वहीं बसों और ऑटो के बेतरतीब तरीके से खड़े होने के कारण चौक पर यातायात दबाव बढ़ जाता है।
जनहित संघर्ष समिति का कहना है कि सुपेला चौक पर व्यवस्थित बस स्टैंड और ऑटो स्टॉप की व्यवस्था होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से रुकने वाले वाहनों पर नियंत्रण होने से जाम की समस्या भी कम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम किया जा सकेगा।
ज्ञापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की पहल की। उन्होंने सुबह स्थल का मुआयना करवाने तथा मौके की स्थिति का परीक्षण कर आगे की कार्ययोजना तैयार करने का आश्वासन दिया। SSP की इस तत्परता से प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त किया।
समिति के संयोजक शारदा गुप्ता ने कहा कि सुपेला चौक भिलाई का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है। रायपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बसों और ऑटो के अनियंत्रित तरीके से खड़े होने से यातायात बाधित होने के साथ ही कई बार जाम और दुर्घटना जैसी स्थिति भी निर्मित होती है।
उन्होंने कहा कि यदि सुपेला चौक पर यात्रियों के लिए सुव्यवस्थित बस स्टैंड और ऑटो स्टॉप विकसित किया जाता है तो इससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारु हो सकेगी।
प्रतिनिधिमंडल में कन्हैया सोनी, शारदा गुप्ता, निशु पांडे, सुभाष शर्मा, सुनील मौर्य, विनोद उपाध्याय सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।