दुर्ग। जिले के थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। आरोपी की लंबे समय से तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर 30,000 रुपये का नगद इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पद्मनाभपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 38/2024, धारा 229 (BNS) के तहत आरोपी जसपाल सिंह (35 वर्ष), पिता जगत सिंह, निवासी एचआईजी 2862/3862, एम.पी. हाउसिंग बोर्ड, जामुल (जिला दुर्ग) को जिला न्यायालय द्वारा रिहा किया गया था। रिहाई के बाद से ही आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुआ और लगातार फरार चल रहा है।
लगातार दबिश, फिर भी नहीं मिला सुराग
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पतासाजी की कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन अब तक आरोपी का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इनाम घोषित कर आम जनता से सहयोग मांगा है।
कोर्ट में पेशी से बचने फरार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी न्यायालय में पेशी से बचने के उद्देश्य से फरार हुआ है। इस कारण उसके खिलाफ अलग से मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या कंट्रोल रूम में सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और उसे घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।