छत्तीसगढ़: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, कार्ड बांटने निकले युवक की गड्ढे में गिरकर मौत
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। अपनी शादी का निमंत्रण पत्र बांटने निकले एक युवक की सड़क किनारे गड्ढे में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना छाल थाना क्षेत्र की है, जहां इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, तरेकेला निवासी बाबूलाल निषाद का 30 वर्षीय बेटा कमल सिंह निषाद 19 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे अपनी शादी का कार्ड बांटने के लिए बाइक से निकला था। परिवार में शादी को लेकर उत्साह का माहौल था और रिश्तेदारों को निमंत्रण देने का सिलसिला जारी था।
इसी दौरान रात करीब 8:35 बजे बाबूलाल निषाद को उनके दामाद सुरेश निषाद का फोन आया, जिसमें बताया गया कि बोजिया-घूमापहरी मेन रोड के पास कमल की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा गया कि कमल सिंह निषाद गड्ढे में गिरा हुआ था और उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। चोट इतनी गहरी थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आशंका जताई जा रही है कि रात के अंधेरे में सड़क पर मौजूद गड्ढा युवक को दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पूरी तरह टूट गया है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सड़क की खराब स्थिति और गड्ढों को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत कर दी जाती, तो शायद इस तरह की दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।