भिलाई टाउनशिप के बाजारों की बदलेगी तस्वीर: सफाई, सड़क, बिजली और लीज समस्याओं के समाधान को चेंबर-बीएसपी प्रबंधन ने मिलाया कदम
भिलाई। भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने भिलाई इस्पात संयंत्र के नगर सेवा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर टाउनशिप के विभिन्न बाजार क्षेत्रों और व्यापारियों से जुड़ी जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बाजारों की साफ-सफाई, सड़क, विद्युत व्यवस्था, लीज नवीनीकरण और बिजली बिलों से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में चेंबर के 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सेक्टरवार व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा। व्यापारियों ने बताया कि टाउनशिप के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और विद्युत व्यवस्था को और बेहतर किए जाने की आवश्यकता है। इस पर नगर सेवा विभाग के अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक में नगर सेवा विभाग के मुख्य महाप्रबंधक श्रीनिवासन ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यकता पड़ने पर टाउनशिप के अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर भी लगाए जा सकते हैं। इन शिविरों के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं को मौके पर समझकर संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान की दिशा में कार्य किया जाएगा।
लीज नवीनीकरण की विसंगतियों पर भी चर्चा
बैठक का एक महत्वपूर्ण मुद्दा टाउनशिप के व्यापारियों के लीज नवीनीकरण से जुड़ा रहा। चेंबर प्रतिनिधियों ने भारतीय इस्पात प्राधिकरण और भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा जारी सर्कुलर में व्याप्त विसंगतियों और अवधि को लेकर बनी स्थिति को अधिकारियों के समक्ष रखा। बैठक में बताया गया कि संबंधित विरोधाभास को दूर किया गया है तथा एक वर्ष की अवधि के लिए समयावधि 3 अगस्त 2026 से प्रारंभ होगी।
चेंबर की ओर से व्यापारियों को लीज नवीनीकरण के लिए देय राशि की जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से एक आवेदन प्रारूप उपलब्ध कराया जा रहा है। व्यापारी इस आवेदन को भरकर नगर सेवा विभाग में जमा करेंगे। इसके बाद भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से संबंधित आवेदक को लीज नवीनीकरण के लिए देय राशि की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि राशि की जानकारी प्राप्त करने के लिए दिया गया आवेदन व्यापारी की सहमति नहीं माना जाएगा। इस बिंदु पर प्रबंधन और चेंबर के बीच स्पष्ट चर्चा हुई।
बिजली बिलों के भुगतान पर चेंबर ने व्यापारियों से की अपील
बैठक में बिजली बिलों के बकाया भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों के आग्रह को स्वीकार करते हुए चेंबर ने उन व्यापारियों से बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने की अपील की, जिनके बिलों की राशि लंबे समय से लंबित है।
चेंबर ने कहा कि यदि किसी व्यापारी को एकमुश्त भुगतान करने में परेशानी आती है तो वह विभागीय अधिकारियों को आवेदन देकर समय अथवा किस्तों में भुगतान की व्यवस्था के संबंध में चर्चा कर सकता है। चेंबर ने स्पष्ट किया कि उपभोग की गई बिजली का बिल भुगतान किया जाना चाहिए।
वहीं यदि किसी व्यापारी के बिजली बिल में त्रुटि है तो उसके सुधार के लिए भी विभागीय स्तर पर व्यवस्था उपलब्ध होने की जानकारी बैठक में दी गई। अधिकारियों ने बिल संबंधी समस्याओं के समाधान में सहयोग का भरोसा दिलाया।
ऑनलाइन बिजली भुगतान की तकनीकी समस्या पर भी चर्चा
बैठक में ऑनलाइन बिजली बिल भुगतान के दौरान व्यापारियों को आने वाली तकनीकी परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया। प्रबंधन ने इन तकनीकी समस्याओं को स्वीकार करते हुए बताया कि शॉप क्षेत्र में विशेष काउंटर की व्यवस्था की गई है, जहां व्यापारी बिजली बिल के भुगतान से संबंधित आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
सेक्टर 1 से 9 तक की समस्याएं उठीं
बैठक में सेक्टर 1 से सेक्टर 9 सहित भिलाई टाउनशिप के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई, सड़क और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
चेंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि बाजार क्षेत्र केवल व्यापारिक गतिविधियों के केंद्र नहीं हैं, बल्कि बड़ी संख्या में नागरिक भी प्रतिदिन इन क्षेत्रों में आते हैं। ऐसे में बाजारों की स्वच्छता, बेहतर सड़क और पर्याप्त विद्युत व्यवस्था व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
बैठक में नगर सेवा विभाग के मुख्य महाप्रबंधक श्रीनिवासन, नगर सेवाएं अतुल नौटियाल, शॉप एवं लीज विभाग से संबंधित अधिकारी, सहायक प्रबंधक शॉप लक्ष्मी मेम, सहायक महाप्रबंधक विद्युत श्री फुले, महाप्रबंधक इंजीनियरिंग सीएल चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं भिलाई स्टील सिटी चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन, महासचिव दिनेश सिंघल, राम कुमार गुप्ता, पीयूष जैन, प्रवीण तिवारी, श्रीकांत उपाध्याय, डीएच सिंह, उमेश गुप्ता, प्रदीप बाकलीवाल सहित विभिन्न सेक्टरों के व्यापारी प्रतिनिधि बैठक में शामिल हुए।
बैठक के अंत में चेंबर अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन और महासचिव दिनेश सिंघल ने सभी व्यापारी प्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक को टाउनशिप के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन और व्यापारी संगठन के बीच समन्वय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।