दाऊ उत्तम साव के मार्ग पर चलकर ही अच्छे समाज और देश का निर्माण संभव - ताम्रध्वज साहू, चिरपोटी में समाज रत्न का पुण्य स्मरण
उतई-दुर्ग। छत्तीसगढ़ साहू संघ के संस्थापक अध्यक्ष, समाज रत्न दाऊ उत्तम साव जी के पुण्य स्मरण दिवस के अवसर पर शनिवार को ग्राम चिरपोटी में भव्य सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खोपली परिक्षेत्र साहू संघ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं की बड़ी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने अपने सारगर्भित उद्बोधन में समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि -
आज हम सबको भाजपाई और कांग्रेसी होने का गौरव होता है, लेकिन दुख की बात है कि हमें साहू होने का गौरव अनुभव नहीं होता। हमें समाज में साहू होने का गौरव जगाना होगा। आने वाला समय बहुत चुनौतीपूर्ण आने वाला है, इसलिए अपनी आने वाली पीढ़ी को संस्कार की शिक्षा देना सबसे जरूरी है। दाऊ उत्तम साव जी के बताए मार्ग पर चलकर ही हम एक अच्छा समाज और एक अच्छे देश का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्व. उत्तम साव जी खोपली परिक्षेत्र से ही थे और उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ में साहू समाज को संगठित करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हम सबको समाज के भीतर फैली बुराइयों को दूर करने का संकल्प लेना होगा और अपने बच्चों को नशा व अन्य सामाजिक बुराइयों से बचाकर रखना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश साहू संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने कहा कि दाऊ साहब ने समाज को एक सूत्र में पिरोया था। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम संस्कार विकास के लिए मिलजुल कर काम करें। बच्चों में शिक्षा और संस्कार दोनों का समावेश जरूरी है।
अतिविशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू ने कहा कि समाज की महिला शक्ति को आगे आना होगा तभी समाज सशक्त होगा। जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नन्दलाल साहू, प्रदेश महामंत्री राजेश साहू, तहसील दुर्ग ग्रामीण अध्यक्ष पी.आर. साहू एवं प्रदेश संगठन सचिव सुभाष साव ने भी अपने विचार रखे और दाऊ उत्तम साव के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति श्रीमती श्रद्धा साहू, जनपद पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, जनपद सदस्य ढालेश साहू, ग्राम पंचायत चिरपोटी की सरपंच श्रीमती पूजा चंद्राकर, परिक्षेत्र अध्यक्ष घनश्याम गजपाल, युगल किशोर साहू, जामवंत गजपाल, चंद्रभूषण साहू, मनोज साहू, मीना साहू सहित बड़ी संख्या में परिक्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन गुरुजी दयाराम साहू एवं घनश्याम गजपाल ने किया। अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।