प्रगति भवन, भिलाई में ‘मानव-उत्कर्ष और स्वामी विवेकानन्द’ विषय पर ‘स्वामी आत्मानंद स्मृति व्याख्यान’ का आयोजन
आफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई इस्पात संयंत्र एवं श्री रामकृष्ण सेवा मंडल, भिलाई के संयुक्त तत्वाधान में स्वामी आत्मानन्द जी की जयंती (6 अक्टूबर) के उपलक्ष्य में आगामी 07 अक्टूबर, 2026 को ‘मानव-उत्कर्ष और स्वामी विवेकानन्द’ विषय पर एक भव्य स्मृति व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। ‘स्वामी आत्मानंद स्मृति व्याख्यान’ नाम से होने वाला यह गरिमामयी कार्यक्रम सिविक सेंटर स्थित प्रगति भवन में सायं 7.00 बजे से शुरू होगा।
इस व्याख्यान का मुख्य विषय ‘मानव-उत्कर्ष और स्वामी विवेकानन्द’ रखा गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकृष्ण मिशन विवेकानन्द आश्रम, रायपुर की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘विवेक ज्योति’ के संपादक श्रीमत् स्वामी प्रपत्त्यानन्द जी करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में देश-दुनिया में अपनी अनूठी पहचान बनाने वाले डेक्सटेरिटि ग्लोबल (पटना) के सी.ई.ओ. श्री शरद विवेक सागर है। शरद विवेक सागर भारत के एक प्रख्यात सामाजिक उद्यमी, विचारक और ओजस्वी वक्ता हैं। वे वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त गैर-लाभकारी संगठन डेक्सटेरिटी ग्लोबल के संस्थापक हैं, जो युवाओं को शिक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम करता है। अपनी कम उम्र में बड़े सामाजिक बदलाव और प्रभावशाली भाषणों के कारण उन्हें कई प्रतिष्ठित मंचों द्वारा प्रमुख वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जाता है। फोर्ब्स ने उन्हें विश्व के 30 सबसे प्रभावशाली युवाओं की सूची में शामिल किया है व रॉकफेलर फाउंडशेन ने उन्हें अगली सदी के 100 इन्नोवेटर्स की सूची में जगह दी है।
इस कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में विवेकानंद विद्यापीठ (रायपुर) के सचिव डॉ. ओमप्रकाश वर्मा उपस्थित रहेंगे। डॉ. ओमप्रकाश वर्मा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सेवानिवृत्त प्राध्यापक हैं व उन्होंने पूर्व में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय रेग्यूलेट्री कमीशन के अध्यक्ष पद को भी सुशोभित किया है।
दोनों विद्वान वक्ता स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन, समाज सेवा और उनके विचारों की प्रासंगिकता पर अपना व्याख्यान देंगे।
आफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर एवं श्री रामकृष्ण सेवा मंडल, भिलाई के अध्यक्ष पवन शर्मा ने भिलाई के प्रबुद्ध नागरिकों, बुद्धिजीवियों और धर्मप्रेमियों से अपील की है कि वे इस वैचारिक और प्रेरणादायक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएं।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।