खत्म नहीं हो रहीं इंडिगो की मुश्किलें: इंडिगो की 150 से अधिक उड़ानें आज भी रद,यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

भारत की बजट एयरलाइन इंडिगो इस समय एक बड़े ऑपरेशनल दिक्कतों से गुजर रही है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी देश भर के अलग-अलग एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को रद करने की सूचना है। इससे पहले मंगलवार और बुधवार को 200 से अधिक उड़ानों को रद किया गया था, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

दरअसल, देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की कई उड़ान ऑपरेशन दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और दूसरे शहरों में ठप पड़ गई। इस कारण बड़ी संख्या में यात्रा करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

आज भी बड़ी संख्या में इंडिगो की उड़ाने प्रभावित
बताया जा रहा है कि गुरुवार को दिल्ली से रवाना होने वाली 30 से अधिक उड़ानों को इंडिगों ने रद कर दी है। हालांकि, इसके पीछे के वजह के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हैदराबाद में भी करीब 33 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। मुंबई एयरपोर्ट पर भी कई फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं।

सूत्रों का कहना है कि देश भर में इंडिगो ने आज करीब 170 से अधिक उड़ानों को रद किया है। हालांकि, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी है। बता दें कि इंडिगो प्रतिदिन 2200 से अधिक विमानों को ऑपरेट करता है। हालांकि, पिछले तीन दिनों से लगातार बड़ी संख्या में रद हो रही उड़ानों को लेकर कंपनी ने यात्रियों से माफी मांगी है।

इंडिगो ने यात्रियों से मांगी माफी
बुधवार को एक आधिकारिक बयान में इंडिगो ने कहा कि तकनीकी दिक्कतों, सर्दी के मौसम से जुड़े शेड्यूल मं बदलाव, खराब मौसम, एविएशन सिस्टम में बढ़ी भीड़ और फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन्स के कारण हमारे ऑपरेशन पर इतना बुरा असर पड़ा कि हमें कई उड़ानों रद करना पड़ रहा है।

एयरलाइन कंपनी ने कहा कि रुकावट को रोकने और स्थिरता वापस लाने के लिए, हमने अपने शेड्यूल में थोड़ा बदलाव करना शुरू कर दिया है। ये उपाय अगले 48 घंटों तक लागू रहेंगे और इससे हम अपने ऑपरेशन को नॉर्मल कर पाएंगे और धीरे-धीरे पूरे नेटवर्क में अपनी पंक्चुएलिटी वापस पा सकेंगे।

इंडिगो में क्रू की कमी क्यों बढ़ी ?
देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो इन दिनों गंभीर परिचालन संकट से जूझ रही है। कंपनी के पास वर्तमान में 434 विमान हैं और रोजाना 2300 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं। घरेलू उड्डयन बाजार में 60 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी रखने वाली इंडिगो के लिए क्रू शॉर्टेज बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है।

इंडिगो के पास वर्तमान में 5456 पायलट, 10212 केबिन क्रू सदस्य और कुल 41 हजार से अधिक स्थायी कर्मचारी हैं, इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण रूट्स पर क्रू की भारी कमी महसूस की जा रही है।

कंपनी के अनुसार, इसकी मुख्य वजह नए फ्लाइट टाइम लिमिटेशन नियम हैं। नए प्रावधानों के तहत पायलटों के उड़ान भरने की अधिकतम सीमा कम की गई है। अब पायलट एक दिन में केवल 8 घंटे तक उड़ान भर सकते हैं। नाइट लैंडिंग की अनुमति को 6 से घटाकर 2 कर दिया गया है। वहीं केबिन क्रू के लिए 24 घंटे में कम से कम 10 घंटे के विश्राम का प्रावधान अनिवार्य कर दिया गया है।

कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इन नए नियमों के लागू होने के बाद शेड्यूलिंग सिस्टम पूरी तरह स्थिर नहीं हो पाया है। इसी वजह से कई रूट्स पर अचानक क्रू की उपलब्धता प्रभावित हुई, जिसका असर उड़ान संचालन पर दिखाई दे रहा है।