विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन।
विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर रस्तोगी कोलेज ऑफ नर्सिंग, भिलाई एवं जिला चिकित्सालय, दुर्ग के संयुक्त तत्वावधान में स्तनपान के महत्व एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा अस्पताल में भर्ती माताओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान के लाभ, नवजात शिशु के लिए माँ के दूध के महत्व तथा जन्म के प्रथम घंटे में स्तनपान प्रारंभ करने की आवश्यकता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्वास्थ्य शिक्षा एवं जनजागरुकता गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को स्तनपान के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि स्तनपान शिशु को संपूर्ण पोषण प्रदान करता है तथा उसे विभिन्न संक्रमणों और बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। साथ ही यह माताओं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। विशेषज्ञों ने सभी माताओं को जन्म से छह माह तक केवल स्तनपान कराने तथा उसके बाद उपयुक्त पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अमनदीप कौर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य जागरुकता गतिविधियाँ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकगण, नर्सिंग विद्यार्थी एवं जिला चिकित्सालय दुर्ग के स्वास्थ्यकर्मियों का विशेष सहयोग रहा।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।