स्कूल जाने के लिए निकले तीन गुम नाबालिग बच्चों को छावनी पुलिस ने 06 घंटे के भीतर डोंगरगढ़ से सकुशल बरामद किया
तीनों नाबालिग बच्चे 10 सितंबर को स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन स्कूल पहुंचने के बाद अन्य दो साथियों के साथ कहीं चले गए थे।
सूचना प्राप्त होते ही थाना छावनी पुलिस ने तत्काल वैधानिक कार्यवाही करते हुए तीनों बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर पतासाजी शुरू की।
पुलिस टीम ने स्कूल से लेकर पावर हाउस रेलवे स्टेशन तक उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बच्चों के संभावित गंतव्य की जानकारी जुटाई।
सतत प्रयास एवं समन्वय के बाद तीनों बच्चों को रात्रि करीब 02:30 बजे डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया।
मुख्य बिंदु
दिनांक 10.09.2026 की रात्रि सूचना प्राप्त होने के बाद थाना छावनी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 06 घंटे के भीतर तीनों गुम नाबालिग बच्चों का पता लगाकर उन्हें सकुशल बरामद किया गया।
संक्षिप्त विवरण
दिनांक 10.09.2026 को रात्रि करीब 08:00 बजे प्राथी द्वारा थाना छावनी में सूचना दी गई कि उसका नाबालिग पुत्र, जो महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, तीन दर्शन मंदिर में अध्ययनरत है, सुबह करीब 11:00 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बच्चा स्कूल पहुंचा, लेकिन स्कूल के अंदर जाने के बजाय अपने साथ पढ़ने वाले दो अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ कहीं चला गया।
सूचना प्राप्त होते ही थाना छावनी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल पतासाजी प्रारंभ की गई। साथ गए दोनों अन्य नाबालिग बच्चों के परिजनों से भी संपर्क कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके संबंध में भी अपराध पंजीबद्ध किया गया।
तीनों बच्चों की तलाश के लिए पुलिस टीम द्वारा स्कूल के आसपास तथा उनके संभावित मार्गों पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसके साथ ही पावर हाउस रेलवे स्टेशन के लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन किया गया तथा बच्चों के साथ अध्ययनरत अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ कर उनके संभावित गंतव्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
पूछताछ एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर तीनों बच्चों के डोंगरगढ़ जाने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल डोंगरगढ़ रवाना की गई तथा डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के आरपीएफ एवं संबंधित थाना पुलिस को भी सूचना देकर आवश्यक समन्वय किया गया। पुलिस टीम द्वारा सतत पतासाजी के दौरान रात्रि करीब 02:30 बजे तीनों नाबालिग बच्चों को डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद किया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद तीनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई जारी है।
मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)
यह मामला अपराध करने की सुनियोजित पद्धति से संबंधित नहीं है। तीनों नाबालिग बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे और स्कूल पहुंचने के बाद अपने दो साथियों के साथ डोंगरगढ़ चले गए थे।
घटना स्थल
थाना छावनी क्षेत्र, जिला दुर्ग से तीनों नाबालिग बच्चों के गुम होने की सूचना प्राप्त हुई तथा पुलिस द्वारा उन्हें डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद किया गया।
सराहनीय कार्य
उक्त कार्रवाई में थाना छावनी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज, रेलवे स्टेशन एवं अन्य संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की तथा डोंगरगढ़ पुलिस एवं आरपीएफ से समन्वय स्थापित कर तीनों नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद किया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस अभिभावकों से अपील करती है कि नाबालिग बच्चों के स्कूल जाने-आने, उनके साथियों तथा उनकी गतिविधियों की जानकारी रखें। बच्चा निर्धारित समय पर घर नहीं लौटता है या उसके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिलती है तो बिना विलंब पुलिस को सूचना दें। समय पर प्राप्त सूचना से पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर बच्चों की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।