लैंडिंग होते ही प्लेन का पिछला टायर निकला, बाल-बाल बचे 16 लोग… VIDEO में कैद हुआ पूरा मंजर
काठमांडू। पश्चिमी नेपाल के डोल्पा जिले के जुफाल एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीता एयर का एक विमान लैंडिंग के दौरान अपना पिछला दाहिना पहिया खो बैठा। विमान रनवे पर ही रुक गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 13 यात्री और तीन क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, सीता एयर का विमान नेपालगंज से जुफाल के लिए रवाना हुआ था। सुबह करीब 8:25 बजे जुफाल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला दाहिना टायर/पहिया अचानक निकल गया। घटना के बाद विमान रनवे पर ही रुक गया। अधिकारियों के मुताबिक विमान को कोई बड़ा संरचनात्मक नुकसान नहीं हुआ है।
विमान में 13 यात्री और तीन क्रू मेंबर समेत कुल 16 लोग सवार थे। यात्रियों में सात विदेशी नागरिक और छह नेपाली नागरिक शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने सभी यात्रियों और क्रू मेंबर के सुरक्षित होने की पुष्टि की है। पायलट ने घटना के तुरंत बाद इंजन बंद कर दिया, जिससे किसी बड़े हादसे की स्थिति बनने से बच गई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान का पिछला पहिया अलग होकर ढलान की ओर लुढ़कता दिखाई दे रहा है। इसी वजह से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, विमान के पहिए के निकलने की तकनीकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और इसकी जांच तकनीकी टीम करेगी।
विमान के रनवे पर खड़े रहने के कारण जुफाल एयरपोर्ट की उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हुईं। रिपोर्टों के मुताबिक, रनवे पर विमान मौजूद होने के कारण एक नेपाली सेना के विमान को भी वापस लौटना पड़ा। अधिकारियों की ओर से विमान को हटाने और एयरपोर्ट पर सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों को हेलीकॉप्टर से भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
जुफाल एयरपोर्ट नेपाल के दुर्गम डोल्पा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हवाई संपर्क केंद्र है। पहाड़ी और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इस क्षेत्र में हवाई सेवाएं विशेष महत्व रखती हैं। अधिकारियों ने विमान की तकनीकी स्थिति की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
घटना के कारणों की आधिकारिक तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला पहिया किस वजह से अलग हुआ। फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि हादसे जैसी स्थिति के बावजूद विमान में सवार सभी 16 लोग सुरक्षित हैं।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।