रुंगटा कॉलेज आर-1 में उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम सम्पन्न: व्यापारी दिनकर बसोतिया की सफलता की कहानी से प्रेरित हुए विद्यार्थी
भिलाई। स्वावलंबी भारत अभियान एवं भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में चलाए जा रहे उद्यमिता प्रोत्साहन कार्यक्रम की कड़ी में आज रुंगटा कॉलेज आर-1 में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी श्री दिनकर बसोतिया विशेष रूप से आमंत्रित रहे। उन्होंने अपने व्यावसायिक सफर, संघर्ष, अनुभव और सफलता की कहानी विद्यार्थियों के साथ साझा की। उनकी प्रेरणादायी यात्रा ने विद्यार्थियों को चुनौतियों के बीच अवसर तलाशने तथा स्वयं के उद्यम की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेम्बर महामंत्री श्री अजय भसीन ने आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना पर विस्तार से अपनी बात रखते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं में रोजगार पाने के साथ-साथ रोजगार देने की सोच विकसित करना समय की आवश्यकता है।
अजय भसीन ने युवाओं से कहा—नवाचार को विचार तक सीमित न रखें, उसे उद्यम बनाएं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेम्बर महामंत्री श्री अजय भसीन ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आज के युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्यमी बनने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि यदि आपके मन में कोई नया विचार, नवाचार या व्यवसाय की नई सोच है, तो उसे केवल अपने तक सीमित न रखें। भिलाई चेम्बर आपके साथ खड़ा है। आपके आइडिया को आगे बढ़ाने के लिए फाइनेंस की व्यवस्था और उसके लिए उचित मार्केट उपलब्ध कराने में चेम्बर हरसंभव सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े उद्यम की शुरुआत एक छोटे से विचार से होती है। जरूरत है उस विचार पर विश्वास करने, उसे सही दिशा देने और उसे धरातल पर उतारने की। युवाओं के नवाचार को अवसर देना ही आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।
वहीं चेम्बर अध्यक्ष श्री गार्गी शंकर मिश्रा ने विद्यार्थियों के बीच उद्यमिता एवं व्यवसायिक सोच के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि नए विचार, जोखिम लेने का साहस, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और आत्मविश्वास उद्यमिता की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ उद्यमिता, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की संभावनाओं से परिचित कराना है। इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थी एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
स्वावलंबी भारत अभियान एवं भिलाई चेम्बर द्वारा यह अभियान शहर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में आगे भी जारी रहेगा। पूर्णिमा नंदी ने भी उद्यमिता पर अपने विचार रखे। मंच संचालन सुनील मिश्र ने किया।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।