दिगम्बर जैन समाज भिलाई में एकता और समन्वय की नई पहल,ज्ञानचंद जैन एवं राजीव जैन बने ‘समन्वय प्रवक्ता एवं प्रतिनिधि’
भिलाई। दिगम्बर जैन समाज, भिलाई में आपसी समन्वय, सौहार्द्र, सहयोग और सामाजिक एकता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। समाज के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा संगठनों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से श्रावक श्रेष्ठ ज्ञानचंद जैन एवं राजीव जैन,सेक्टर-10 भिलाई को “जैन ट्रस्ट एवं जैन मिलन” की ओर से “समन्वय प्रवक्ता एवं प्रतिनिधि” नियुक्त किया गया है।
इस पहल का उद्देश्य समाज के विभिन्न संगठनों, संस्थाओं एवं समाज के सम्माननीय सदस्यों के बीच आपसी संवाद को मजबूत करना तथा विचार-विमर्श और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। दोनों प्रतिनिधि समाज के विभिन्न वर्गों एवं संगठनों के साथ संपर्क स्थापित कर आपसी विश्वास और सौहार्द्र को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे।
ज्ञानचंद जैन एवं राजीव जैन अपने सामाजिक अनुभव, व्यवहार-कौशल और सकारात्मक सोच के माध्यम से विभिन्न संगठनों के बीच यदि किसी विषय को लेकर मतभेद या संवाद की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसे आपसी बातचीत एवं सहमति के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करेंगे। उनका प्रयास रहेगा कि समाजहित से जुड़े विषयों पर सभी संगठन एवं समाजजन आपसी सहयोग और सम्मान की भावना के साथ आगे बढ़ें।
समाज की ओर से स्पष्ट किया गया है कि समन्वय प्रतिनिधियों की भूमिका किसी संस्था या संगठन के कार्यों में हस्तक्षेप करना नहीं होगी। वे समन्वयक की भूमिका में विभिन्न संगठनों के बीच संवाद स्थापित करने, आपसी विचारों को समझने और सहयोग का वातावरण तैयार करने का कार्य करेंगे।
इस पहल के माध्यम से दिगम्बर जैन समाज, भिलाई में सामाजिक एवं धार्मिक एकता को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही समाज के विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर तालमेल, परस्पर सम्मान और विश्वास का वातावरण बनाने में भी यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जैन ट्रस्ट के महासचिव डॉ. सुधीर गागेय ने उक्त जानकारी देते हुए कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी संवाद, सहयोग और सौहार्द्र आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राजीव जैन एवं ज्ञानचंद जैन को समन्वय प्रवक्ता एवं प्रतिनिधि की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों प्रतिनिधि अपनी सामाजिक समझ एवं अनुभव के माध्यम से समाज के विभिन्न संगठनों को साथ लेकर चलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।