साय कैबिनेट की आज निर्णायक बैठक: UCC, किसानों और युवाओं से जुड़े बड़े फैसलों पर लग सकती है मुहर
रायपुर, 5 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर में राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर मंथन होगा। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस बैठक को लेकर खासा उत्साह है, क्योंकि माना जा रहा है कि सरकार कई महत्वपूर्ण नीतिगत फैसलों पर मुहर लगा सकती है।
बैठक में समान नागरिक संहिता (UCC), खाद्य सुरक्षा, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, कृषि, प्रशासनिक सुधार और विभिन्न विभागों के लंबित प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा और आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
पिछली कैबिनेट के फैसलों की झलक
पिछली मंत्रिपरिषद बैठक में किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए खरीफ और रबी सीजन में उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मंत्री-मंडलीय उप समिति के गठन को मंजूरी दी गई थी। यह समिति उर्वरक आपूर्ति, वितरण और प्रबंधन की निगरानी करेगी तथा आवश्यक सुझाव राज्य सरकार को देगी।
इसके अलावा राज्य सरकार ने अग्निवीर सैनिकों के पुनर्वास के लिए ऐतिहासिक फैसला लेते हुए पुलिस विभाग में आरक्षक, वन विभाग में वनरक्षक और जेल विभाग में प्रहरी के तृतीय श्रेणी पदों की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया। यह व्यवस्था चार वर्ष की सेवा पूरी कर सेवामुक्त हुए पात्र अग्निवीरों पर लागू होगी।
आज किन फैसलों पर रहेंगी निगाहें
आज की कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास, किसानों की जरूरतों, खाद्य व्यवस्था, कृषि सुधार और अन्य महत्वपूर्ण नीतिगत प्रस्तावों पर सरकार का रुख स्पष्ट हो सकता है। यदि प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है तो उनके दूरगामी प्रभाव प्रदेश के प्रशासन, अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों पर पड़ सकते हैं।
बैठक के बाद सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।