संजय रुंगटा ग्रुप से गूंजा ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किया राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ
भिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में शुरू हुए ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ की दुर्ग जिले में प्रभावशाली शुरुआत भिलाई स्थित संजय रुंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस से हुई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव,दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा रुंगटा ग्रुप के डायरेक्टर संजय रुंगटा की गरिमामयी उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नई दिल्ली से किया गया वर्चुअल संबोधन रहा, जिसका सीधा प्रसारण परिसर में बड़ी स्क्रीन पर किया गया। उपस्थित युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का संदेश सुना। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को प्रभावित करता है। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को सकारात्मक दिशा देगा। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कलेक्टर अभिजीत सिंह और संजय रुंगटा ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में युवाओं को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेल, शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है। यदि युवा नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा संस्थानों के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है और यह जनभागीदारी का आंदोलन बनेगा।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
रुंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर संजय रुंगटा ने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल शिक्षा देने का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदार और जागरूक नागरिक तैयार करने का भी केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान भविष्य में भी नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’2 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से नशामुक्ति शपथ, जागरूकता रैली, पोस्टर एवं चित्रकला प्रतियोगिता, वाद-विवाद, निबंध लेखन, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लघु फिल्म प्रदर्शन, सोशल मीडिया अभियान और सामुदायिक संवाद जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय और जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।