"बागेश्वर धाम से लौटते वक्त हादसे का शिकार हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज; हालत स्थिर, खतरे से बाहर"
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंहदेव सड़क हादसे में घायल होने के बाद दिल्ली (गुरुग्राम) के मेदांता अस्पताल में उपचाररत हैं। राहत की बात यह है कि चिकित्सकों ने उनकी हालत को स्थिर और खतरे से बाहर बताया है। उनके पैर और कमर में चोटें आई हैं, जिनका विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
प्रदेश भाजपा के लिए चिंता की खबर उस समय सामने आई, जब उत्तरप्रदेश के ललितपुर जिले में झांसी-ललितपुर हाईवे पर किरण सिंहदेव की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद अपने परिवार के साथ वापस लौट रहे थे। अचानक सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार ट्रक से जा टकराई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें दिल्ली रेफर करने की सलाह दी। गुरुवार सुबह उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय उनके साथ सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे और पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस दुर्घटना में वाहन चालक को भी चोटें आई हैं, जिसका उपचार किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के घायल होने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ता उनके जल्द स्वस्थ होकर पुनः सक्रिय राजनीतिक जीवन में लौटने के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
किरण सिंहदेव वर्तमान में छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन की कमान संभाल रहे हैं और जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। संगठन और सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में विशेष चिंता देखी जा रही है।
फिलहाल, मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति संतोषजनक है और वे चिकित्सकीय निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। पार्टी नेताओं और समर्थकों को विश्वास है कि किरण सिंहदेव जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर संगठनात्मक और जनसेवा के अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए फिर से सक्रिय नजर आएंगे।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।