नाबालिग अपहरण-दुष्कर्म मामले में दुर्ग पुलिस का त्वरित एक्शन, तीनों आरोपी हिरासत में
दुर्ग। चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म किए जाने के मामले में दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तीन युवक नाबालिग बालिका को अपने साथ ले गए थे। विवेचना के दौरान इनमें से एक युवक द्वारा बालिका के साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) एवं अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच करते हुए तीनों को हिरासत में लिया गया।
दुर्ग पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ प्रकरण की विवेचना भी आगे बढ़ाई है। पुलिस द्वारा आरोपियों की भूमिका, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग से संबंधित संवेदनशील मामले में पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए कानूनी प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई की है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।