भिलाई कैन डू पर्वत फाउंडेशन के अध्यक्ष अतुल पर्वत ने राज्यपाल से की सौजन्य मुलाकात, कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

मुलाकात के दौरान श्री अतुल पर्वत ने भिलाई से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से भिलाई इस्पात संयंत्र के कर्मचारियों से संबंधित रिटेंशन की समस्या तथा इससे प्रभावित 1500 से अधिक परिवारों की वर्तमान स्थिति को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह विषय लंबे समय से लंबित है, जिससे कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

राज्यपाल श्री रमेन डेका जी ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे इस संबंध में उद्योग मंत्री, इस्पात मंत्री तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक से चर्चा कर आवश्यक कदम उठाएंगे, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके।

इस सौजन्य भेंट एवं सार्थक चर्चा से भिलाई इस्पात संयंत्र से जुड़े कर्मचारियों और उनके परिवारों में सकारात्मक उम्मीद जगी है।