दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से किरंदुल जा रही यात्रियों से भरी एक निजी ट्रेवल्स बस भांसी थाना क्षेत्र के धुरली गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला यात्री भी शामिल है। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, महिंद्रा ट्रेवल्स की यात्री बस रायपुर से जगदलपुर, दंतेवाड़ा होते हुए अपने अंतिम गंतव्य किरंदुल जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे जब बस भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास पहुंची, तभी अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोग बस के अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निर्मल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अंधेरे के बीच जवानों ने मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया।
घायलों में ललिता साहू, शुभम, बलराम, दीपक और संतोष सहित अन्य यात्री शामिल हैं। कुछ घायलों को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार सभी घायलों की निगरानी कर रही है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बस की रफ्तार अधिक होने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी निर्मल वर्मा ने बताया कि ओवरस्पीड के कारण हादसा होने की आशंका है। वहीं, चालक को झपकी आने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्री बसों में सुरक्षा मानकों और चालकों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।








