भाजपा ओबीसी मोर्चा की अहम बैठक में प्रबुद्ध जन सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बनी व्यापक रणनीति, कन्हैया सोनी रहे शामिल
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, रायपुर में गुरुवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा रायपुर संभाग की आवश्यक संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी ओबीसी मोर्चा रायपुर संभाग के प्रबुद्ध जन सम्मेलन की रूपरेखा तय करने के साथ उसके सफल आयोजन के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी भी शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता एवं मार्गदर्शन रायपुर संभाग प्रभारी एवं पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू ने किया। इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री उपकार चंद्राकर, प्रदेश महामंत्री अशोक सिन्हा, दुर्ग संभाग के सह प्रभारी नरोत्तम साहू, प्रदेश पदाधिकारी, रायपुर संभाग के छह जिलों के जिला संगठन प्रभारी, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी प्रबुद्ध जन सम्मेलन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया। सम्मेलन के माध्यम से समाज के प्रबुद्ध वर्ग तक पार्टी की नीतियों और विचारों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, संगठन विस्तार को गति देने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सम्मेलन में ओबीसी समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, उद्यमियों एवं अन्य प्रबुद्धजनों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जिला एवं मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने और समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला यह प्रबुद्ध जन सम्मेलन रायपुर संभाग में पार्टी के जनाधार को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।