फोन पर बोली- "घर लौटना है", अगले दिन आई मौत की खबर: रायपुर में लिव-इन में रह रही बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत, साथी हिरासत में
रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 19 वर्षीय बीएड छात्रा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस युवती ने घटना से एक दिन पहले अपनी बहन को फोन कर कहा था कि वह अब रायपुर छोड़कर घर लौटना चाहती है और उसके लिए पैसे भी मंगवाए थे, अगले ही दिन उसकी मौत की खबर परिजनों तक पहुंची। युवती के शरीर पर मिले चोट के निशानों और परिजनों के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसके साथी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली थी और रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह पिछले छह से सात महीनों से कोंडागांव निवासी सावंत बघेल के साथ बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक किराए के मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सावंत रावतपुरा सरकार महाविद्यालय में डीएलएड का छात्र है। दोनों की पहचान पढ़ाई के दौरान हुई थी और बाद में साथ रहने लगे थे।
जांच के दौरान मृतका की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि सावंत को अक्सर युवती के चरित्र पर संदेह रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि कई बार युवक ने युवती के साथ मारपीट भी की थी। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार बेटी को समझाकर घर लौट आने के लिए कहा था, लेकिन वह अपनी पढ़ाई पूरी करना चाहती थी।
घटना से एक दिन पहले मृतका ने अपनी बड़ी बहन को फोन कर बताया कि उसके साथ फिर मारपीट हुई है। उसने कहा कि अब वह रायपुर में नहीं रहना चाहती और अपने गांव वापस लौटना चाहती है। घर आने के लिए उसने पैसों की जरूरत बताई, जिसके बाद उसकी बहन ने तत्काल ऑनलाइन तीन हजार रुपये उसके खाते में भेज दिए। परिजन अगले दिन उसके घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इसके बजाय रात में उन्हें यह सूचना मिली कि युवती की हालत गंभीर है और उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया है।
इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही परिजन रायपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम से पहले जब उन्होंने शव देखा तो शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिखाई दिए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी युवती की बाईं आंख के नीचे, गर्दन के पीछे और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में गला दबाने और मारपीट की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवती के साथ रह रहे सावंत बघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उससे घटना के समय की परिस्थितियों, दोनों के बीच हुए विवाद और युवती की मौत के संबंध में लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि जांच में हत्या की पुष्टि होती है तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है और पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।