राजभाषा के क्षेत्र में एसआरयू भिलाई का परचम, मिला राजभाषा अग्रगण्य पुरस्कार
भिलाई, 21 अगस्त 2026। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), भिलाई-दुर्ग की 63वीं छमाही बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 21 अगस्त 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के अतिथि गृह भिलाई निवास के बहुउद्देशीय सभागार में किया गया। समारोह में भिलाई-दुर्ग क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों से आए संस्थान प्रमुखों तथा राजभाषा अधिकारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रभारी (संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क) श्री अमूल्य प्रियदर्शी, उप महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन तथा प्रभारी राजभाषा), भिलाई इस्पात संयंत्र एवं सचिव, नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति भिलाई-दुर्ग, श्री राघवेंद्र कुमार गर्ग तथा उप प्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन एवं राजभाषा) श्री जितेंद्र दास मानिकपुरी सहित नराकास से संबद्ध विभिन्न संस्थानों के अधिकारी उपस्थित थे।
समारोह के दौरान भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग की राजभाषा नीतियों के अनुपालन तथा नराकास स्तर पर राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट (एसआरयू), भिलाई को वर्ष 2025-26 का “राजभाषा अग्रगण्य पुरस्कार” एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान एसआरयू भिलाई द्वारा संयंत्र में हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रदान किया गया।
पुरस्कार वितरण के अवसर पर एसआरयू भिलाई के बारे में जानकारी देते हुए मंच संचालक श्री जितेंद्र दास मानिकपुरी ने बताया कि इकाई में हिंदी के प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। कर्मचारियों को हिंदी के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह हिंदी प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न राजभाषा गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों को निरंतर गति देने में इकाई प्रमुख श्री विशाल शुक्ल एवं राजभाषा अधिकारी श्री मधुसूदन राव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सेल रिफ्रैक्टरी यूनिट, भिलाई की ओर से मुख्य महाप्रबंधक एवं इकाई प्रमुख श्री विशाल शुक्ल ने विशिष्ट अतिथि श्री पवन कुमार के कर-कमलों से राजभाषा अग्रगण्य पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र ग्रहण किया। इस अवसर पर उनके साथ वरिष्ठ प्रभागीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका दास तथा अभियांत्रिकी सहायक (मानव संसाधन/राजभाषा) श्री अमितेश पुरोहित भी मंच पर उपस्थित रहे।
पुरस्कार प्राप्त करने के अवसर पर एसआरयू भिलाई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उत्साह का वातावरण रहा। यह सम्मान इकाई में हिंदी के प्रति निरंतर किए जा रहे प्रयासों और राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि श्री पवन कुमार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के रूप में राजभाषा हिंदी के क्षेत्र में एसआरयू भिलाई द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने हिंदी के अधिकाधिक एवं सहज प्रयोग को बढ़ावा देने तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा नीति के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए एसआरयू भिलाई प्रबंधन की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
नराकास भिलाई-दुर्ग की छमाही बैठक एवं पुरस्कार समारोह ने राजभाषा हिंदी के प्रति संस्थानों की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। एसआरयू भिलाई को प्राप्त यह सम्मान न केवल इकाई के लिए गौरव का विषय है, बल्कि राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए भी प्रेरणादायी है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।