कोहका चंद्रनगर में सड़क पर अतिक्रमण कर पेट्रोल पंप निर्माण का विरोध, सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे
कॉलोनीवासियों को गुमराह कर 20 फीट सड़क सकरी करने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

कोहका स्थित चंद्रनगर में अग्रसेन आईटीआई के सामने सड़क पर अतिक्रमण कर पेट्रोल पंप निर्माण किए जाने को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। कॉलोनीवासियों ने आरोप लगाया कि उन्हें यह कहकर गुमराह किया गया कि यहां एक कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है, जबकि बाद में पता चला कि अवैध रूप से पेट्रोल पंप की टंकियां स्थापित कर दी गई हैं।


स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 20 फीट चौड़ी सड़क में लगभग 3 फीट का अतिक्रमण कर रास्ता अत्यंत संकरा कर दिया गया है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। हालत यह है कि एक वाहन के प्रवेश पर दूसरे वाहन को पीछे लौटना पड़ता है। कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।


कॉलोनीवासियों ने बताया कि शासन के नियमों के अनुसार पेट्रोल पंप के 30 मीटर की परिधि में स्कूल, कॉलेज या आवासीय क्षेत्र नहीं होना चाहिए, जबकि इस स्थान के आसपास छोटे बच्चों का स्कूल, आईटीआई और घनी आबादी वाली कॉलोनी मौजूद है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी है।

स्थिति से परेशान सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने नगर निगम आयुक्त से मिलकर निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर आज सभी लोग सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया। चंद्रनगर सड़क नंबर 6 और 7 की गलियां पहले से ही इतनी संकरी हैं कि आगजनी या आपात स्थिति में दमकल और एंबुलेंस के प्रवेश में गंभीर समस्या हो सकती है।
मौके पर पहुंचे पटवारी ने प्रारंभिक प्रतिवेदन में सड़क पर अतिक्रमण की पुष्टि की है। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोके जाने पर कॉलोनीवासियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन के दौरान चंद्रनगर विकास समिति के संयोजक शारदा गुप्ता सहित सुगंधी सोनी, संतोष सोनी, निर्मल भारती, रेखा ब्रम्हे, बसंत शुक्ला, बीजे आनंद, दिनेश विश्वकर्मा, राजकुमार ब्रम्हे, प्रशांत पासवान, सुनीता राणे, प्रमिला बोरकर सहित सैकड़ों नागरिक मौजूद रहे।











































