मनगटा में हड़कंप: 49 रिसॉर्ट्स पर एकसाथ पुलिस रेड,चला सघन अभियान,

अभियान के दौरान लगभग 40 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न टीमों में विभाजित होकर एक साथ रिसॉर्ट्स में दबिश देने पहुंचे, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। छापेमारी के दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट एवं विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि हुई।

मौके पर उपस्थित व्यक्तियों को पुलिस द्वारा समझाइश दी गई। तत्पश्चात संबंधित रिसॉर्ट संचालकों एवं प्रबंधकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36 (सी) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त ग्राम मनगटा स्थित वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में पाए गए एक व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36 (च) के तहत कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को विधिवत नोटिस तामील कर भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत लागू नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी गई। स्पष्ट किया गया कि भविष्य में नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य अवैध शराब सेवन पर रोक लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। जिला पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब सेवन या बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को दें। भविष्य में भी जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सघन एवं नियमित अभियान जारी रहेंगे।