भिलाई में दंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी: पत्नी का शव कमरे में मिला, पति फांसी पर लटका मिला, घरेलू विवाद के एंगल पर जांच
भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदानगर कैंप-1 में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के भीतर पति-पत्नी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान जी. वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) और उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर मकान का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पूरे घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला, जबकि वेंकटरमण मूर्ति का शव अंदर के कमरे में नायलॉन की मोटी रस्सी के फंदे से लटका हुआ था।
पुलिस के अनुसार मृतक के छोटे भाई माधव राव ने फंदे की रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा था। माधव राव की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई है।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार वेंकटरमण मूर्ति ऑटो चालक का कार्य करते थे। पड़ोसियों और परिजनों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होता था। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या, हत्या के बाद आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति से जुड़ा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।












