दीक्षांत समारोह में रुंगटा डेंटल कॉलेज का दबदबा, छात्रों ने जीते कई प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल
भिलाई। रायपुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एंड आयुष यूनिवर्सिटी के चौथे वार्षिक दीक्षांत समारोह में रुंगटा कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज एंड रिसर्च, भिलाई के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिष्ठित गोल्ड मेडल अपने नाम किए। छात्रों की इस उपलब्धि ने न केवल संस्थान का गौरव बढ़ाया, बल्कि प्रदेश में डेंटल शिक्षा के क्षेत्र में रुंगटा कॉलेज की उत्कृष्ट पहचान को भी और मजबूत किया।
दीक्षांत समारोह में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. प्रदीप कुमार पात्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
रुंगटा कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज एंड रिसर्च की छात्रा डॉ. देबलीना बैद्य ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल एमडीएस टॉपर और पीडियाट्रिक एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री विषय में टॉपर बनकर दो गोल्ड मेडल हासिल किए। वहीं डॉ. शिवानी ने पेरियोडोंटोलॉजी तथा डॉ. संजना अग्रवालने प्रोस्थोडोंटिक्स विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल प्राप्त किए।
इस अवसर पर शिक्षाविदों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों, फैकल्टी सदस्यों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। मेडल विजेता छात्रों की उपलब्धि पर पूरे संस्थान में उत्साह का माहौल रहा।
संजय रुंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन संजय रुंगटा ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट प्रशिक्षण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे कुशल और संवेदनशील स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करना है जो समाज की बेहतर सेवा कर सकें।
कॉलेज के डीन डॉ. कार्तिक कृष्णा एम ने भी मेडल विजेता छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के साथ-साथ शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी कॉलेज के छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।
रुंगटा कॉलेज ऑफ डेंटल साइंसेज एंड रिसर्च लंबे समय से उच्च शैक्षणिक मानकों के लिए जाना जाता है। संस्थान विद्यार्थियों को शोध, क्लिनिकल प्रशिक्षण, सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और कौशल आधारित शिक्षा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करता है। यही कारण है कि कॉलेज आज प्रदेश के अग्रणी डेंटल संस्थानों में अपनी विशेष पहचान बना चुका है।
उल्लेखनीय है कि रुंगटा डेंटल कॉलेज छत्तीसगढ़ का एकमात्र डेंटल कॉलेज है जिसे NAAC द्वारा ए-ग्रेड मान्यता प्राप्त है। इसके अलावा प्रतिष्ठित पत्रिका इंडिया टुडे ने भी इसे देश के टॉप-50 डेंटल कॉलेजों में शामिल किया है। छात्रों की हालिया उपलब्धि ने एक बार फिर संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रमाणित किया है।













