बीएसपी लीज नवीनीकरण पर भिलाई को बड़ी राहत, सांसद विजय बघेल और प्रेम प्रकाश पाण्डेय के प्रयासों से निकला समाधान
भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की लीज नवीनीकरण प्रक्रिया से उत्पन्न अनिश्चितता के बीच भिलाईवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक भवनों और धार्मिक स्थलों के भविष्य को लेकर बनी चिंता के बीच समाधान का रास्ता निकलने से हजारों परिवारों और संस्थाओं ने राहत की सांस ली है। इस पूरे मामले में सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय की सक्रिय पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नगर निगम भिलाई के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोनों नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण भिलाई के हजारों लोगों के सामने खड़ा बड़ा संकट टल सका है।
उन्होंने बताया कि बीएसपी की लीज नवीनीकरण प्रक्रिया के दौरान उन भूखंडों पर संचालित व्यापारिक प्रतिष्ठानों, स्कूल-कॉलेजों, सामाजिक भवनों और धार्मिक स्थलों को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी, जो वर्षों से बीएसपी की भूमि पर संचालित हो रहे हैं। इससे न केवल हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका थी, बल्कि भिलाई की सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संरचना पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था।
भोजराज सिन्हा ने कहा कि सांसद विजय बघेल और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए बीएसपी एवं सेल प्रबंधन के समक्ष भिलाई की जनता की भावनाओं और आवश्यकताओं को मजबूती के साथ रखा। दोनों नेताओं ने लगातार संवाद और समन्वय के माध्यम से ऐसा समाधान निकालने का प्रयास किया, जिससे शहर के विकास और नागरिकों के हितों के बीच संतुलन स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रबंधन द्वारा सकारात्मक रुख अपनाए जाने से अब हजारों व्यापारिक प्रतिष्ठानों की गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी। साथ ही सामाजिक संस्थाओं के भवन, धर्मशालाएं, सामुदायिक केंद्र तथा बीएसपी भूमि पर संचालित स्कूल और कॉलेज भी अपने कार्यों को पूर्ववत जारी रख सकेंगे। इसके अलावा मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च जैसे धार्मिक स्थलों के संरक्षण का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।
नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने कहा कि भिलाई के विकास और यहां के नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए सांसद विजय बघेल और प्रेम प्रकाश पाण्डेय हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और जनहितैषी सोच का ही परिणाम है कि आज हजारों परिवारों, व्यापारियों और संस्थाओं को राहत का वातावरण मिला है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी भिलाई के विकास, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर इसी तरह सकारात्मक पहल जारी रहेगी, जिससे शहर की प्रगति और नागरिकों के हित सुरक्षित रह सकें।












