दुर्ग जिले के रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र में स्थित शिवनाथ नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ घूमने और नहाने पहुंचे एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक मूल रूप से केरल का निवासी था और भिलाई के सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में वेटर के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद उसके दोस्तों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर ने बताया कि मृतक की पहचान आशिन ओएस के रूप में हुई है, जो केरल के एर्नाकुलम जिले का रहने वाला था। वह रोजगार के सिलसिले में भिलाई में रह रहा था और सुपेला स्थित इंडियन कॉफी हाउस में नौकरी कर रहा था। रविवार को उसका साप्ताहिक अवकाश था, जिसके चलते वह अपने चार दोस्तों के साथ घूमने के लिए रसमड़ा-पिपरछेड़ी क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार सभी दोस्त नदी किनारे समय बिता रहे थे। इसी दौरान आशिन नहाने के लिए नदी में उतर गया। उसके साथी किनारे पर ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आशिन को तैरना आता था, इसलिए वह बेफिक्र होकर नदी के भीतर चला गया। नहाते-नहाते वह नदी के ऐसे हिस्से में पहुंच गया, जहां पानी काफी गहरा था। गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव तथा गहरे पानी में फंस गया।
युवक को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद तत्काल डायल-112 और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
रास्ते में उसकी सांसें चलती रहें, इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।













