दिनदहाड़े शिक्षिका से पिस्टल की नोक पर लूट: रास्ता पूछने के बहाने ई-रिक्शा रुकवाया, नकदी-मोबाइल लेकर फरार; CCTV खंगाल रही पुलिस
दुर्ग। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े पिस्टल की नोक पर शिक्षिका से लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने ई-रिक्शा रुकवाया और विरोध करने पर शिक्षिका को पिस्टल दिखाकर उनका पर्स छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता योगिता राज पुरोहित, जामगांव एम स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह अपने सहकर्मियों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर भिलाई-3 स्थित अपने घर लौट रही थीं। दोपहर के समय जब ई-रिक्शा बंटग और अमेरी गांव के बीच पहुंचा, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास आए।
बदमाशों ने पहले सामान्य यात्री की तरह व्यवहार करते हुए पाटन जाने का रास्ता पूछा। ई-रिक्शा चालक जैसे ही उन्हें रास्ता बताने के लिए रुका, तभी एक आरोपी ने अचानक चालक से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते उसने चालक के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान ई-रिक्शा में बैठी शिक्षिका और अन्य लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले दूसरा आरोपी आगे आया और उसने पिस्टल निकालकर शिक्षिका को डरा-धमकाया।
हथियार देखकर ई-रिक्शा में बैठे सभी लोग सहम गए। बदमाश ने शिक्षिका के हाथ से उनका पर्स छीन लिया। पर्स में करीब 6 हजार रुपये नकद,मोबाइल फोन,एटीएम कार्ड,आधार कार्ड,बैंक से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद शिक्षिका और उनके साथ मौजूद लोगों ने तुरंत अमलेश्वर थाना पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम बनाई गई है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के भागने के संभावित मार्गों की भी जांच की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हथियार के बल पर हुई इस वारदात से अमलेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले समय में बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया, उससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।