बीएसपी कथित लोहा चोरी संगठित नेटवर्क में हड़कंप, सोशल मीडिया पर आ रहे चिंता बढ़ाने वाले कमेंट, विधायक रिकेश बोले......
भिलाई नगर, 09 अगस्त। भिलाई इस्पात संयंत्र में वर्षों से जारी कथित लोहा-स्क्रैप चोरी के खिलाफ विधायक रिकेश सेन की मुहिम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। श्री सेन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग को विधानसभा से लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया है। हाल ही में राष्ट्रपति के निर्देश पर सेल की विजिलेंस में शिकायत दर्ज होकर जांच में लिए जाने की बात भी सामने आई है।
विधायक की इस पहल को बीएसपी कर्मियों, विभिन्न यूनियनों और भिलाईवासियों का समर्थन मिल रहा है। आरोप है कि इस कथित नेटवर्क में जिम्मेदार तंत्र के कुछ लोगों के साथ राजनीतिक और कारोबारी प्रभावशाली लोगों की भूमिका की भी जांच जरूरी है।
इस बीच सोशल मीडिया पर विधायक की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। वायरल स्क्रीनशॉट में एक कमेंट में लिखा गया है—“विधायकजी लोहा चोर आपके जान के पीछे पड़े हुए हैं…शूटर.......”। हालांकि ऐसी टिप्पणियों को सीधे तौर पर धमकी मानना अभी उचित नहीं होगा, लेकिन करोड़ों रुपये के कथित अवैध कारोबार से जुड़े मामले को देखते हुए इन्हें नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। भिलाईवासियों का कहना है कि राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले जनप्रतिनिधि की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को भी आवश्यक सतर्कता बरतनी चाहिए। अब सवाल सिर्फ BSP से लोहा चोरी की जांच का नहीं, बल्कि इस मुहिम को आगे बढ़ाने वाले विधायक की सुरक्षा का भी है।
विधायक रिकेश सेन ने ऐसे संदेशों की जानकारी सामने आने पर सभी शुभचिंतकों और भिलाइयंस को हृदय से धन्यवाद दिया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार एवं जिले के पुलिस अधीक्षक को सूचना दे दी गई है। उन्होंने सभी शुभचिंतकों से कहा कि बिल्कुल परेशान होने की जरूरत नहीं है, छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव सायजी की सुशासन की सरकार है। उन्हें अपनी सरकार और संगठन पर पूरा भरोसा है। इस बड़ी मुहिम में सरकार और शासन प्रशासन का जिस तरह सहयोग मिल रहा है निश्चित तौर पर लोहा चोरी से जुड़ा संगठित नेटवर्क सलाखों के पीछे होगा। लोहा चोरों के खिलाफ इस लड़ाई में भिलाईयंस ही मेरा संबल हैं और सुशासन सरकार ने लगातार अपराधियों के हौसले को पस्त किया है। सुरक्षा को लेकर वो पूरी तरह आश्वस्त हैं।
श्री सेन ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट के लोहा चोरी के आरोपियों के खिलाफ मेरी लड़ाई किसी व्यक्तिगत द्वेष की नहीं, बल्कि भिलाई और राष्ट्र की संपत्ति और जनता के हित की लड़ाई है। जब तक इन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक मैं पूरी दृढ़ता के साथ इस विषय को उठाता रहूंगा। परिणाम और अंजाम की चिंता किए बिना, जनहित के इस कार्य में मैं पीछे नहीं हटूंगा।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।