10 वें मार थियोडोशियस स्मृति बास्केटबाल प्रतियोगिता का सेंट थॉमस महाविद्यालय में आयोजन
सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई में 10वें मार थियोडोशियस अंतर्महाविद्यालयीन स्मृति बास्केटबाल (पुरुष) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया| इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अन्तर्राष्ट्रीय पावर लिफ्टर एवं महाविद्यालय के भूतपूर्व खिलाडी सी मोहन कुमार थे| कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के मैनेजर बिशप हिस ग्रेस एलेक्सीओस मार यूसेबिओस ने की| इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ पी. एस. वर्गीस, सेंट थॉमस मिशन के ट्रेजरार फादर थॉमस रम्बान एवं सेंट थॉमस मिशन के शिक्षा अधिकारी फादर रेजी सी वर्गीस भी उपस्थित थे| सर्वप्रथम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ शाइनी मेंडोंस ने स्वागत उद्बोधन में सभी खिलाडियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि महाविद्यालय के संस्थापक बिशप लेट लैमेंटेड डॉ स्टेफानोस मार थियोडोशियस सादा जीवन उच्च विचार रखने वाले व्यक्ति थे एवं उनकी महानता की याद में ही प्रति वर्ष इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है|
महाविद्यालय के प्रशासक रेवरेंट फादर डॉ पी. एस. वर्गीस ने सभी खिलाडियों को शुभकामनायें देते हुए उन्हें खेल भावना से खेलने की प्रेरणा दी| महाविद्यालय के मैनेजर बिशप हिस ग्रेस एलेक्सीओस मार यूसेबिओस ने खिलाडियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में सदा अपने विरोधी खिलाडियों का सम्मान करते हुए खेलना चाहिए|
मुख्य अतिथि सी मोहन कुमार ने सभी खिलाडियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किसी भी खेल में जीतने के लिए सबसे ज़रूरी बात यह है कि खिलाडी सदैव अनुशासन में रहकर ईमानदारी से खेल को जीतने का प्रयास करें| प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया | पहले सेमीफाइनल मैच में सेंट थॉमस महाविद्यालय ने महासमुंद कॉलेज को 85 - 59 से हरायाl दूसरे सेमीफाइनल मैच में शासकीय वैशाली नगर महाविद्यालय ने रायपुर कॉलेज की टीम को 72 - 67 से हरायाl फ़ाइनल मैच में सेंट थॉमस महाविद्यालय ने शासकीय महाविद्यालय वैशाली नगर को 76 - 64 से हराकर ख़िताब जीता|
प्रथम पुरस्कार के रूप में सेंट थॉमस महाविद्यालय को 12000 रूपये नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की गयी एवं उपविजेता शासकीय महाविद्यालय वैशाली नगर को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 8000 रूपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गयी| इस टूर्नामेंट का सफल आयोजन सेंट थॉमस महाविद्यालय भिलाई के स्पोर्ट्स ऑफिसर श्री कैलाश नारायण वर्मा के सफल मार्गदर्शन में हुआ जिसमें स्पोर्ट्स समिति से डॉ रिंसी बी अब्राहम, डॉ सुनीता क्षत्रिय, डॉ मजू जॉय, महेंद्र इखार, अमिताभ शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई|
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।