जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग में फाउंडेशन डे पर स्वच्छता वीरों का सम्मान, लाला कमलापत सिंघानिया की 142वीं जयंती पर हुआ आयोजन
दुर्ग। जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग प्लांट में स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया जी की 142वीं जयंती को फाउंडेशन डे के रूप में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर प्लांट के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मिठाई का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयंत्र प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि देश की आर्थिक एवं औद्योगिक व्यवस्था को मजबूत करने में जेके ऑर्गनाइजेशन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संगठन ने देश के विभिन्न राज्यों में उद्योगों की स्थापना के साथ हजारों-लाखों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय लाला कमलापत सिंघानिया जी ने पराधीन भारत के दौर में औद्योगिक, सामाजिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अथक प्रयासों से कई औद्योगिक संस्थानों की स्थापना हुई और देश में औद्योगिक विकास को गति मिली। वर्ष 1921 में जुग्गीलाल कमलापत कॉटन स्पिनिंग एंड वीविंग मिल की स्थापना उनके प्रमुख व्यावसायिक प्रयासों में शामिल थी, जिसने आगे चलकर जेके संगठन की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फाउंडेशन डे के अवसर पर कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग प्लांट के मानव संसाधन विभाग के प्रमुख मनीष तिवारी ने बताया कि संयंत्र में कार्यरत स्वच्छता वीरों के योगदान को सम्मान देने की परंपरा के तहत इस विशेष अवसर पर उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान किया गया।
मनीष तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व एवं विशेष अवसरों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाता है। इसी कड़ी में लाला कमलापत सिंघानिया जी की जयंती के अवसर पर प्लांट को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों एवं श्रमिकों ने फाउंडेशन डे के आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में संस्थापक के औद्योगिक योगदान को याद करते हुए जेके ऑर्गनाइजेशन की विकास यात्रा और देश के औद्योगिक क्षेत्र में उसके योगदान को भी रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर जेके लक्ष्मी सीमेंट दुर्ग प्लांट के कारखाना प्रमुख राजपाल सिंह शेखावत, मानव संसाधन विभाग के प्रमुख मनीष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।