विधायक रिकेश सेन का दो टूक ऐलान– उनके विधायक रहते डॉ. रिचा सेन सक्रिय राजनीति में नहीं आएंगी, महापौर दावेदारी की खबरें भ्रामक
न टिकट की इच्छा, न किसी जनप्रतिनिधि पद की दावेदारी, समाजसेवा ही डॉ. रिचा सेन की प्राथमिकता : रिकेश सेन
भिलाई नगर, 24 नवंबर। भिलाई नगर निगम के आगामी महापौर चुनाव को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार पोर्टल्स पर डॉ. रिचा सेन को संभावित दावेदार बताए जाने पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने इन खबरों को भ्रामक बताते हुए कहा कि उनकी धर्मपत्नी ने न तो महापौर पद के लिए टिकट की इच्छा जताई है और न ही किसी तरह की दावेदारी प्रस्तुत की है।
विधायक रिकेश सेन ने स्पष्ट किया कि जब तक वे स्वयं विधायक के रूप में सक्रिय राजनीति में हैं, तब तक उनकी धर्मपत्नी डॉ. रिचा सेन किसी भी जनप्रतिनिधि पद के लिए सक्रिय राजनीति में सामने नहीं आएंगी। वे नहीं चाहते कि उनके राजनीतिक दायित्व के साथ उनकी पत्नी भी किसी राजनीतिक पद की दावेदारी करें।
दस साल पहले भी लौटा चुकी हैं पार्षद का टिकट
रिकेश सेन ने बताया कि लगभग दस वर्ष पूर्व भाजपा ने डॉ. रिचा सेन को पार्षद का टिकट दिया था, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने के बजाय टिकट पार्टी को लौटा दिया था। पीएचडी उपाधि प्राप्त डॉ. रिचा सेन पिछले दस वर्षों से सामाजिक गतिविधियों और समाजसेवी संगठनों से जुड़ी हैं। वर्तमान में उनकी प्राथमिकता गृहिणी की जिम्मेदारियों के साथ समाजसेवा है। वे पिछले एक दशक से भाजपा की सक्रिय सदस्य भी हैं।
विधायक ने दोहराया कि डॉ. रिचा सेन की महापौर पद को लेकर कोई राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं है और न ही उन्होंने किसी जनप्रतिनिधि पद के लिए दावेदारी की है। ऐसे में उन्हें महापौर पद का संभावित चेहरा बताने वाली खबरें निराधार हैं।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।