रायपुर रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े चाकूबाजी और लूट, GRP की निष्क्रियता उजागर
रायपुर। राजधानी के रायपुर रेलवे स्टेशन पर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब प्लेटफॉर्म पर खून बहाया जा रहा है। ट्रेन का इंतजार कर रहे एक युवक पर बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर नकदी और मोबाइल लूट लिया, जबकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई।

पीड़ित नहरपारा निवासी गजालुद्दीन नागपुर जाने के लिए प्लेटफॉर्म पर खड़ा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उससे विवाद शुरू किया और देखते ही देखते मारपीट में बदल दिया। हमलावरों ने चाकू से उसके सिर पर वार किया और लगभग 8 हजार रुपये नकद व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक प्लेटफॉर्म पर खून से लथपथ गिर पड़ा।




सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि इतनी गंभीर वारदात के बावजूद जीआरपी पुलिस द्वारा अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे यात्रियों में आक्रोश और भय का माहौल है। रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा के तमाम दावों की पोल खोल दी है।

यात्रियों और आम नागरिकों ने रेलवे प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी और स्टेशन परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।







































