भिलाई के सेक्टर 6-A मार्केट में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर विरोध अब खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को क्षेत्र के रहवासी, व्यापारी एवं जनप्रतिनिधि एकजुट होकर शराब दुकान के सामने एकत्रित हुए और काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने इस निर्णय को क्षेत्र की सामाजिक और पारिवारिक संरचना के लिए नुकसानदायक बताते हुए तत्काल दुकान हटाने की मांग की।
विरोध के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे, जिन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके बाद सभी नागरिक, व्यापारी और जनप्रतिनिधि दुर्ग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया कि सेक्टर 6-A मार्केट भिलाई टाउनशिप का प्रमुख और व्यस्त बाजार है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ खरीदारी करने आते हैं। ऐसे स्थान पर शराब दुकान खोलना पूरी तरह अनुचित है।
नगर पालिक निगम भिलाई के एमआईसी सदस्य एवं पार्षद साकेत चन्द्राकर ने कहा कि इस फैसले से बाजार का माहौल प्रभावित होगा और अव्यवस्था बढ़ने की आशंका है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और कहा कि शराब दुकान खुलने से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है, जिससे आमजन का आना-जाना प्रभावित होगा।
वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद सौरभ दत्ता ने भी इस निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि सेक्टर 6 क्षेत्र में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरजाघर के साथ-साथ कई स्कूल भी स्थित हैं। जिस स्थान पर शराब दुकान खोली जा रही है, वहां से करीब 100 मीटर की दूरी पर बजरंगबली और भगवान शंकर के मंदिर मौजूद हैं। ऐसे धार्मिक और शैक्षणिक वातावरण के बीच शराब दुकान खोलना न केवल अनुचित है, बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी गलत संदेश देता है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि क्षेत्र के खाली मैदानों और जर्जर भवनों में पहले से ही असामाजिक तत्व सक्रिय रहते हैं। ऐसे में शराब दुकान शुरू होने से नशाखोरी और आपत्तिजनक गतिविधियों में और वृद्धि हो सकती है, जिससे पूरे इलाके का वातावरण प्रभावित होगा।
इस विरोध प्रदर्शन में भिलाई जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि राजेन्द्र परगनिहा, सभापति केशव बंछोर और गिरिवर बंटी साहू, एमआईसी सदस्य सीजू एंथोनी, लक्ष्मीपति राजू, एकांश बंछोर, जोन अध्यक्ष राजेश चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद सुभद्रा सिंह, पार्षद अभय सोनी, सुरेश वर्मा, उमेश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द ही इस निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।









