भिलाई के ग्रे स्पॉट चौकों पर बड़ा एक्शन: यातायात पुलिस-PWD का संयुक्त निरीक्षण, त्वरित सुधार के निर्देश
भिलाई। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से दुर्ग जिले में चिन्हित ग्रे स्पॉट चौकों पर प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, दुर्ग के निर्देशानुसार यातायात पुलिस दुर्ग एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा अवन्ति बाई चौक एवं सूर्या मॉल चौक का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों चौकों पर दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों का बारीकी से अध्ययन किया गया और तत्काल सुधारात्मक कार्यों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अवन्ति बाई चौक पर ये होंगे बदलाव
अवन्ति बाई चौक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। चौक के मध्य स्थित रोटरी का आकार कम करने के निर्देश दिए गए ताकि वाहन चालकों को मोड़ लेने में आसानी हो सके। इसके साथ ही चारों दिशाओं में रम्बल स्ट्रिप्स निर्माण, हाई मास्क लाइट लगाने एवं चेतावनी तथा सूचनात्मक संकेतक बोर्ड स्थापित करने के निर्देश जारी किए गए।
इसके अलावा, चौक के आसपास किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर सड़क को चौड़ा करने और यातायात प्रवाह को सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया।
सूर्या मॉल चौक पर लेफ्ट टर्न होगा आसान
सूर्या मॉल चौक पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क किनारे स्थित ट्रांसफार्मर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहा है। इसे हटाकर लेफ्ट टर्न को बाधारहित बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ट्रैफिक सिग्नल की नियमित मॉनिटरिंग, नाली को ढककर सड़क चौड़ीकरण, रम्बल स्ट्रिप्स निर्माण एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए।
इन सुधारों के बाद चौक पर ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना जताई गई है।
समन्वय से दिखी सक्रियता
इस संयुक्त कार्रवाई में यातायात पुलिस दुर्ग एवं लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों और मैदानी अमले की सक्रिय एवं समन्वित भूमिका देखने को मिली। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित संकेतकों का अनुसरण करें तथा सड़क पर जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।









