रक्षाबंधन पर भाई के रूप में सामने आई हाईवे पेट्रोलिंग टीम, महिला की बचाई जान!
खारून नदी के पास आत्मघाती कदम उठाने पहुंची महिला को हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने समय रहते सुरक्षित बचाया।
सूचना मिलते ही आरक्षक शिशुपाल, कन्हैया सोनकर एवं इमामुद्दीन तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिसकर्मियों ने धैर्य, संवेदनशीलता एवं अपनत्व के साथ बातचीत कर महिला को आत्मघाती कदम उठाने से रोका।,महिला को सुरक्षित उसके पति के सुपुर्द किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों एवं हाईवे पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 28/08/2026 को हाईवे पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि रायपुर कबीर नगर निवासी 45 वर्षीय महिला , किसी कारणवश खारून नदी के पास आत्महत्या की मंशा लिए पहुंची हैं।
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग में तैनात आरक्षक शिशुपाल तत्काल मौके पर पहुंचे। पॉइंट ड्यूटी पर तैनात कन्हैया सोनकर एवं इमामुद्दीन भी मौके पर पहुंचे और महिला से शांतिपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ बातचीत की।
पुलिसकर्मियों ने महिला को पुलिसकर्मी के रूप में नहीं, बल्कि भाई की तरह समझाते हुए आत्मघाती कदम न उठाने के लिए प्रेरित किया। लगातार बातचीत एवं समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित स्थान पर लाया गया तथा उसके पति को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। आवश्यक समझाइश के बाद महिला को सुरक्षित रूप से उसके पति के सुपुर्द किया गया।
रक्षाबंधन पर पुलिस ने निभाया भाई का फर्ज!
रक्षाबंधन के अवसर पर जब भाई अपनी बहनों की सुरक्षा और खुशहाली का संकल्प लेते हैं, उसी दिन हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने भी एक महिला की जान बचाकर भाई जैसा फर्ज निभाया। समय पर पहुंची पुलिस टीम की संवेदनशीलता और तत्परता से एक संभावित अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
दुर्ग यातायात पुलिस — सड़क की सुरक्षा के साथ हर जीवन की सुरक्षा के लिए भी सदैव तत्पर।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।