GenZ युवाओं के आक्रोश से भाजपा में घबराहट, नगरीय निकाय चुनाव की मतदाता सूची में नाम न जुड़ने पाए इसके लिए अपनाए गए हथकंडे :- मुकेश चंद्राकर
शिकायत के बावजूद हजारों युवाओं का नाम मतदाता सूची से नहीं जुड़ पाया, कांग्रेस की आपत्ति और शिकायत पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कोई कदम नहीं उठाया
भिलाई नगर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर का कहना है कि 18 वर्ष पूर्ण करने वाले जेन जी युवाओं में भाजपा सरकार के प्रति जबरदस्त आक्रोश है, इन युवाओं से भाजपा की सरकार डर गई है इसलिए उनका नाम मतदाता सूची में जुड़ने ना पाए इसके लिए तमाम हथकंडे अपनाई गई है। वोट चोरी का यह भी एक बहुत बड़ा उदाहरण है जिसके दम पर भाजपा जीत हासिल करना चाहती है।
श्री चंद्राकर ने बताया कि युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतु निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन और मतदान केंद्रों में बीएलओ के समक्ष फॉर्म 6 जमा तो कराया गया। लेकिन एपिक नंबर जारी नहीं होने के कारण उनका नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ पाया है। ऐसी स्थिति में प्रदेश के 13 नगरीय निकायों के हजारों युवाओं का नाम छूट गया है, जिसके कारण वे आने वाले नगरिय निकायों के चुनाव में वोट नहीं कर पाएंगे।
श्री चंद्राकर ने बताया कि युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन और शहर के मतदान केंद्रों में बीएलओ के समक्ष 23 अक्टूबर 2026 से 3 नवंबर 2026 तक फॉर्म- 6 जमा किया गया है, जो एपिक नंबर जारी नहीं होने की वजह से लंबित है। नगरीय निकाय की स्थानीय मतदाता सूची में नाम जोड़ने फॉर्म क-1 जमा करने की 11 नवंबर 2026 अंतिम तारीख थी जो खत्म हो चुकी है लेकिन लोग फॉर्म क-1 नहीं भर पाए हैं।
श्री चंद्राकर का कहना था कि अगर तारीख नहीं बढ़ाई गई तो 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम नगरीय निकाय की स्थानीय मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़ पाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई द्वारा 3 नवंबर 2026 को इस विषय को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के माध्यम से जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग के संज्ञान में भी लाया गया था और दोबारा 11 नवंबर 2026 को अंतिम तिथि बढ़ाने के लिए भी आवेदन किया था। जिस पर जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग ने आयोग को पत्र लिखने की बात कही थी। लेकिन 11 नवंबर 2026 निकाय चुनाव के मतदाता सूची में नाम जोड़ने का फॉर्म क-1 जमा करने की अंतिम तारीख तक भी आपत्ति और आवेदन पर अब तक कोई सुनवाई/ निराकरण नहीं किया गया।
श्री चंद्राकर ने मांग की कि नगरीय निकाय की निर्वाचक नामावली प्रारूप फॉर्म क-1 जमा करने की तिथि को तब तक बढ़ाया जाए जब तक विधानसभा की मतदाता सूची में इन युवाओं का नाम नहीं जुड़ जाता ! निर्वाचन प्रक्रिया में हर एक मतदाता महत्वपूर्ण होता है। श्री चंद्राकर ने भाजपा पर आरोप लगाया कि इसी तरह के हथकंडे अपना कर वह चुनाव जीतती रही है। भाजपा की केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार के खिलाफ युवाओं में जबरदस्त आक्रोश है यही कारण है कि वह इन युवाओं को मतदान से रोकना चाहती है। वोट चोरी का यह एक जीता जागता उदाहरण है जो लोगों के समक्ष है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।