भिलाई। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर आमजन की जान जोखिम में डालने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने निजी थार वाहन में अवैध रूप से “पुलिस” मोनो एवं बोर्ड लगाकर लोगों में भ्रम फैलाने और प्रभाव जमाने का प्रयास कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 अप्रैल 2026 को थाना सुपेला अंतर्गत चौकी स्मृति नगर क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली कि जुनवानी चौक के पास एक थार वाहन चालक तेज गति से और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा है। इतना ही नहीं, उसने अपने वाहन पर अवैध रूप से “पुलिस” का बोर्ड एवं मोनो भी लगा रखा है, जिससे आम नागरिकों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन को रोककर जांच की। जांच के दौरान वाहन चालक का कृत्य प्रथम दृष्टया आपराधिक पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया है और प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
घटना का कारण
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आमजन की जान को खतरे में डाल रहा था। साथ ही, अवैध रूप से “पुलिस” चिन्ह का उपयोग कर प्रभाव स्थापित करने और लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा था।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में चौकी स्मृति नगर, थाना सुपेला की पुलिस टीम की त्वरित एवं सक्रिय भूमिका रही। सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अवैध कृत्य की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









