भिलाई में सुबह-सुबह सनसनीखेज वारदात: चंद्रा-मौर्य अंडरब्रिज के पास बोरे में मिली अज्ञात महिला की लाश,शहर में हड़कंप

भिलाई। शहर में शनिवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब चंद्रा–मौर्य अंडरब्रिज के समीप सड़क किनारे नाली में पड़े एक बोरे से अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया

स्थानीय लोगों द्वारा संदिग्ध बोरा देखे जाने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सुपेला थाना पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर महिला की उम्र एवं पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है, जिससे मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने अज्ञात महिला की शिनाख्त और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष जांच टीम गठित की है। फिलहाल हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।