भिलाई में ऑडी कार सवार रईसजादों की गुंडागर्दी: कथा से लौट रहे 11 वीं के छात्र व भाई की पिटाई,मासूम लहूलुहान,FIR दर्ज…

भिलाई में ऑडी सवार युवकों की दबंगई, कथा से लौट रहे 11वीं के छात्र व भाई से मारपीट

भिलाई। शहर में एक बार फिर रईसजादों की दबंगई का मामला सामने आया है। पं. धीरेंद्र शास्त्री की कथा सुनकर घर लौट रहे 11वीं कक्षा के छात्र और उसके बड़े भाई के साथ ऑडी कार सवार युवकों ने मामूली बात पर बेरहमी से मारपीट की। घटना 26 दिसंबर की शाम सुपेला थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रसेन चौक के पास की है।

पीड़ित छात्र, जो शंकर नगर दुर्ग का निवासी है और हुडको स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र है, ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्र ने बताया कि वह 26 दिसंबर की शाम अपने बड़े भाई रुद्रा प्रताप सिंह चौहान, बुआ भारती सिंह चौहान एवं दादी कमला सिंह परिहार के साथ सेक्टर-06 स्थित जयंती स्टेडियम में आयोजित बागेश्वर सरकार की कथा सुनने गया था।

कथा समाप्त होने के बाद सभी लोग स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अग्रसेन चौक के पास छात्र और उसका भाई कैफिनो के पास चिप्स खाने के लिए रुके, जबकि बुआ और दादी आगे निकल गईं। शाम करीब 7.15 बजे वहां एक ऑडी कार (क्रमांक CG07AZ7772) आकर रुकी, जिसमें से दो युवक बाहर निकले और छात्र व उसके भाई से यह कहते हुए विवाद करने लगे कि “हमारी कार को क्यों घूर रहे हो”।

इतनी सी बात पर ऑडी सवार युवकों ने छात्र और बीच-बचाव करने आए उसके बड़े भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में छात्र की बाईं आंख के पास चोट आई, जबकि भाई रुद्रा प्रताप सिंह चौहान के सिर के पीछे गंभीर चोट लगी है। मारपीट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर सुपेला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर खुलेआम इस तरह की दबंगई पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।