भिलाई संडे बाजार की अव्यवस्था पर चेतावनी: शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो होगा जन आंदोलन:-शारदा गुप्ता

शारदा गुप्ता ने कहा कि संडे बाजार की अव्यवस्था को लेकर पूर्व में कई बार ज्ञापन सौंपे गए और आंदोलन भी किए गए, इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका है। हाल ही में नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी को भी ज्ञापन देकर व्यवस्था दुरुस्त करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन हालात दिन-प्रतिदिन और अधिक प्रतिकूल होते जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नगर निगम फुटकर व्यवसायियों को व्यवस्थित करने में पूरी तरह विफल रहा है। ठेले सड़क पर आकर व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे रविवार के दिन इस मार्ग से गुजरना आम नागरिकों के लिए बेहद कठिन हो जाता है। सड़क किनारे स्थित शराब दुकान के कारण भी जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे गंभीर स्थिति यह है कि संडे बाजार के कारण एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं का निकलना मुश्किल हो जाता है। आगजनी की स्थिति में दमकल वाहनों के लिए भी रास्ता अवरुद्ध रहता है। इसी मार्ग पर आईआईटी जैसे बड़े शैक्षणिक संस्थान स्थित हैं, जिनकी गरिमा और सुरक्षा पर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।

शारदा गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन और नगर निगम ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनहित संघर्ष समिति पुनः धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन शुरू करेगी।

इस मांग को लेकर प्रमुख रूप से शारदा गुप्ता, निशु पांडे, विनोद उपाध्याय, मदन सेन, बृजमोहन उपाध्याय, प्रवीण पांडे, बंटी नाहर, जयप्रकाश घनघोरकर, राजेश प्रधान, राम हिंदारिया, प्रदीप पांडे, कन्हैया सोनी, रविशंकर सिंह, हरिशंकर चतुर्वेदी, अखिलेश वर्मा, संतोष जायसवाल, गुरनाम सिंह, इंदरजीत सिंह, सीपी सिंह, हंसराज पटेल, श्रीनिवास मिश्रा, सुभाष शर्मा, रमेश देशमुख, नेहरू साहू, निर्मल भारती, छोटू पासवान, मृगेंद्र कुमार, हरीशचंद्र भारती, शक्ति सिंह, टिंकू, संजय दुबे, संजय साहू, गिरीश दिलीप दामले, नरेश, संतोष सोनी, अमोल साहू, अनिल सिंह, पीसी प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं।